सरयू नदी के पुल पर ‘सुसाइड नोट’, चप्पल और आधार कार्ड मिलने के बाद पुलिस ने अयोध्या राजभर को कई घंटे तक की तलाश, आखिर कहां गया?
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: May 12, 2026 13:35 IST2026-05-12T13:34:32+5:302026-05-12T13:35:20+5:30
पुलिस ने बताया कि अयोध्या राजभर तीन दिन पहले काम के सिलसिले में मुंबई जाने की बात कहकर घर से निकला था।

file photo
देवरियाः देवरिया जिले में सरयू नदी के पुल पर ‘सुसाइड नोट’, चप्पल और आधार कार्ड मिलने के बाद पुलिस ने सोमवार को कई घंटे तक एक युवक की तलाश की, लेकिन बाद में वह अपने घर पर सकुशल मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, भगलापुर क्षेत्र में सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने पुल की रेलिंग के पास एक ‘सुसाइड नोट’, चप्पल और आधार कार्ड पड़े देखे और इसकी सूचना पुलिस को दी। आधार कार्ड के आधार पर युवक की पहचान मई थानाक्षेत्र के भटौली गांव के 22 वर्षीय अयोध्या राजभर के रूप में हुई।
‘सुसाइड नोट’ मिलने के बाद पुलिस को आशंका हुई कि अयोध्या राजभर ने सरयू नदी में छलांग लगा दी होगी। उसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने नदी तथा आसपास के इलाके में करीब छह घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने बताया कि अयोध्या राजभर तीन दिन पहले काम के सिलसिले में मुंबई जाने की बात कहकर घर से निकला था।
तलाशी के दौरान परिजनों में अनहोनी की आशंका बनी रही। हालांकि बाद में सूचना मिली कि अयोध्या राजभर सकुशल अपने घर लौट आया है। पुलिस ने उसके घर पहुंचकर पूछताछ की। पूछताछ में अयोध्या राजभर ने बताया कि वह तनाव के कारण घर छोड़कर चला गया था।
उसने गुस्से और हताशा में पुल पर सुसाइड नोट, चप्पल और आधार कार्ड छोड़ दिए थे ताकि लोगों को लगे कि उसने नदी में छलांग लगा दी है, लेकिन बाद में उसने अपना इरादा बदल दिया और घर लौट आया।मईल के थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि युवक का बयान दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।