पूर्णिया गुलाबबाग रेड लाइट एरियाः 9 नाबालिग को देह व्यापार से मुक्त कराया, हिरासत में 16 महिला और 7 पुरुष, संचालक-दलाल फरार
By एस पी सिन्हा | Updated: April 23, 2026 17:15 IST2026-04-23T17:13:31+5:302026-04-23T17:15:36+5:30
Purnia Gulabbagh Red Light Area:पूर्णिया पुलिस से संपर्क साधा। सदर एसडीओ एवं सदर वन एसडीपीओ के नेतृत्व में तुरंत एक टीम तैयार की गयी।

सांकेतिक फोटो
Purnia:बिहार में पूर्णिया जिले के गुलाबबाग रेड लाइट एरिया में पुलिस ने छापेमारी कर एक बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से 16 महिला और 7 पुरुष को हिरासत में लिया है। वहीं पुलिस ने 9 नाबालिग लड़कियों को देह व्यापार के चंगुल से मुक्त कराया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सदर एसडीएम दीक्षित श्वेतम एवं सदर वन एसडीपीओ ज्योति शंकर के नेतृत्व में एक एनजीओ के साथ स्थानीय थाना के अलावा विभिन्न थाना की पुलिस ने रेड लाइट एरिया में अचानक छापेमारी की। पुलिस पूरे एरिया को चारों तरफ से घेर लिया। जिससे वहां हड़कंप मच गया।
टीम ने पहले छह नाबालिगों को कब्जे में लिया। इसके बाद एक कमरे का ताला तोड़ा, जिसमें मौजूद 16 महिलाओं एवं 7 पुरुषों को भी हिरासत में लिया। साथ ही उनके चंगुल से 3 अन्य नाबालिगों को मुक्त कराया गया। बताया जा रहा है कि एनजीओ को जीरोमाइल में अवैध देह व्यापार की मंडी की खबर मिली थी।
जिसके बाद इसने पूर्णिया पुलिस से संपर्क साधा। सदर एसडीओ एवं सदर वन एसडीपीओ के नेतृत्व में तुरंत एक टीम तैयार की गयी। टीम ने छापेमारी को लेकर प्लान बनाया एवं तय प्लान के अनुरूप दोपहर बाद करीब तीन बजे रेड लाइट एरिया में धावा बोल दिया।
छापेमारी से पहले रेड लाइट एरिया से संचालक एवं दलाल फरार हो गए। पुलिस इनकी पहचान कर रही है। साथ ही पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इस रेड लाइट एरिया को चलवाने में और किसका- किसका हाथ है? पुलिस पूछताछ कर पता लगाने में जुटी है।