बिहार की जनता की सेवा, विश्वास और सपनों को साकार करने का पवित्र अवसर?, सम्राट चौधरी ने कहा- मेरे लिए पद नहीं अवसर, वीडियो
By एस पी सिन्हा | Updated: April 14, 2026 17:16 IST2026-04-14T17:15:38+5:302026-04-14T17:16:37+5:30
विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि वह बिहार की जनता और पार्टी से जुड़े सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हैं।

photo-ani
पटनाः बिहार में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताते हुए भाजपा बिहार विधानमंडल दल के नेता का दायित्व सौंपने पर हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। सम्राट चौधरी ने अपनी नई जिम्मेदारी को सेवा के संकल्प से जोड़ते हुए कहा कि यह उनके लिए सिर्फ एक पद नहीं है, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है। उन्होंने पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का संकल्प लिया।
#WATCH | Patna, Bihar: After being unanimously elected as the Leader of the BJP Legislative Party in Bihar, Samrat Choudhary said, "...In my life, the BJP gave me several opportunities to serve. I have been working as a political worker for about 30 years, but there was no… pic.twitter.com/gy5vAdINoc
— ANI (@ANI) April 14, 2026
अपने पोस्ट में सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि वह बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति सम्मान जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं का स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। उनके इस बयान से स्पष्ट है कि वह सभी को साथ लेकर बिहार में सुशासन की नई इबारत लिखने के लिए तैयार हैं।
सम्राट चौधरी ने अपने संदेश का समापन 'जय बिहार, जय भारत' के नारों के साथ किया। इसके पहले विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि वह बिहार की जनता और पार्टी से जुड़े सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन को याद करते हुए बताया कि पिछले लगभग 20 वर्षों से वे एक कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय राजनीति में काम कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि शुरुआती दौर में उनकी कोई स्पष्ट राजनीतिक विचारधारा नहीं थी, लेकिन बाद में उनका जुड़ाव भाजपा और उसके विचारों से हुआ। उन्होंने कहा कि जब वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के संपर्क में आए और विशेष रूप से नरेंद्र मोदी के विचारों से जुड़े, तब उनके राजनीतिक जीवन को एक नई दिशा मिली।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि संगठन में काम करते हुए उन्हें कई वरिष्ठ नेताओं के साथ काम करने का अवसर मिला, जिससे उनका अनुभव लगातार मजबूत होता गया। सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में मिले विभिन्न दायित्वों का उल्लेख करते हुए कहा कि 2015 के विधानसभा चुनाव के बाद से उन्होंने लगातार पार्टी के लिए काम किया और विभिन्न भूमिकाओं में संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पदाधिकारी, विधानमंडल दल, विधान परिषद में विपक्ष के नेता और बाद में संगठन के विभिन्न पदों पर काम करने का अवसर मिला।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए उन्हें पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का अनुभव मिला। इसके बाद जब 2024 में एनडीए की सरकार बनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ी, तब पार्टी नेतृत्व के सहयोग से उन्हें उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ। अपने भाषण में उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व का विशेष रूप से आभार जताया।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताया और उन्हें लगातार जिम्मेदारियां दीं। उन्होंने बिहार के नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद दिया जिन्होंने संगठन को मजबूत करने में सहयोग दिया। सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व और एनडीए के सहयोग से बिहार में सरकार चलाने और जनता के लिए काम करने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने हमेशा भाजपा और एनडीए पर भरोसा जताया है, जिसके कारण पार्टी को लगातार मजबूत जनादेश मिला है। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने दोहराया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर काम करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य बिहार के विकास को गति देना और प्रधानमंत्री के विजन को जमीन पर उतारना है। यह बयान ऐसे समय आया है जब बिहार की राजनीति में भाजपा और एनडीए की रणनीतिक स्थिति को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
सम्राट चौधरी का यह भाषण न केवल उनके राजनीतिक सफर का सार है, बल्कि पार्टी के भीतर उनके बढ़ते प्रभाव और जिम्मेदारी को भी दर्शाता है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनकी यह प्रतिक्रिया दर्शाती है कि वह अब पूरी तरह से 'एक्शन मोड' में हैं और जल्द ही सरकार गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे।