प्रेम-प्रसंग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ने की घटनाएं तेजी से बढ़ी?, बिहार मेंकई हाई-वोल्टेज ड्रामे, 10 दिन में 15 केस?
By एस पी सिन्हा | Updated: May 16, 2026 14:36 IST2026-05-16T14:35:40+5:302026-05-16T14:36:37+5:30
सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मोतिहारी और कैमूर सहित कई जिलों में दर्जनों प्रेमियों (विशेषकर युवतियों) द्वारा टावर पर चढ़ने के मामले सामने आए हैं.

सांकेतिक फोटो
पटनाः बिहार में मोबाइल टावर और हाई वोल्टेज बिजली के टावर प्रेम प्रसंग और शादी की जिद को पूरा कराने का जरिया बन गया है. प्रेम विवाह की जिद पूरी करने के लिए टावर का सहारा सर्वाधिक लिया जा रहा. प्रेम-प्रसंग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ने की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं. प्यार के इजहार या प्रेमी को मनाने के लिए टावर पर चढ़ने के कई हैरान करने वाले मामले सामने आए हैं. कहीं बिजली के हाईटेंशन तो कहीं टेलीफोन. प्रतिबंधित और खतरनाक होने के बावजूद युवक-युवती अंतिम ऊंचाई तक पहुंच जा रहे हैं और पुलिस-प्रशासन को उन्हें उतारने में घंटों मशक्कत करनी पड़ती है.
ऐसी घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती तो हैं ही, प्रतिबंधित क्षेत्रों में सुरक्षा से खिलवाड़ भी. अकेले पिछले कुछ हफ्तों में राज्य के विभिन्न जिलों जैसे सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मोतिहारी और कैमूर सहित कई जिलों में दर्जनों प्रेमियों (विशेषकर युवतियों) द्वारा टावर पर चढ़ने के मामले सामने आए हैं. कहा जाए तो यह एक नया और हैरान करने वाला ट्रेंड बन गया है.
बिहार में हाल ही में कई ऐसे हाई-वोल्टेज ड्रामे देखे गए हैं. अक्सर इन मामलों में पुलिस और स्थानीय लोगों के समझाने के बाद ही लोग नीचे उतरते हैं. मधुबनी के हरलाखी में भी पिछले सप्ताह एक युवती प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर 142 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी. पांच घंटे की मशक्कत के बाद उसे विवाह का आश्वासन देकर उतरवाया गया.
22 अप्रैल को ही पूर्वी चंपारण के राजेपुर थाना क्षेत्र के बालाकोठी कोइरगावा सरेह में प्रेम संबंध में एक युवती करीब 50 फीट ऊंचे विद्युत टावर पर चढ़ गई थी. सारण जिले के अमनौर में शुक्रवार को एक युवती अपने प्रेमी को बुलाने की मांग को लेकर सुबह-सुबह गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गई. घंटों चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और प्रशासन ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा.
इसी तरह कैमूर (भभुआ) जिले में एक युवती प्रेमी से शादी करने की जिद में एसपी आवास के पीछे लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई. प्रेमी के परिजनों द्वारा शादी से इनकार करने पर उसने यह कदम उठाया था. वहीं, मोतिहारी जिले के चिरैया में पिता द्वारा दूसरी जगह शादी तय कर देने से नाराज एक 19 वर्षीय युवती बहुआरवा गांव में जियो मोबाइल टावर पर चढ़ गई.
करीब 6 घंटे के ड्रामे के बाद सहेली की समझाइश पर उसे नीचे उतारा गया. इसी तरह गोपालगंज जिले के हथुआ/बनकटा में अपने प्रेमी को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की अफवाह पर एक युवती टावर पर चढ़ गई थी, जिसे पुलिस द्वारा प्रेमी को मौके पर बुलाने के आश्वासन के बाद नीचे उतारा गया.
वैशाली जिले के महुआ इलाके में एक युवती अपनी शादी की जिद लेकर 100 फीट ऊंचे हाई-टेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई थी. लगभग 9 घंटे तक चले इस ड्रामे के बाद पुलिस के आश्वासन पर वह नीचे उतरी. यह महज कुछ उदाहरण मात्र है. ऐसे दर्जनों मामले सामने आए हैं। कहा जाए तो यह प्राय: हर दो चार दिन पर मामले सामने आते रहते हैं.
मनोवैज्ञानिकों के अनुसार, युवाओं में धैर्य की कमी, 'रील संस्कृति' और सोशल मीडिया पर तुरंत ध्यान व सहानुभूति पाने की चाह ऐसे खतरनाक कदमों का मुख्य कारण है. टावर पर चढ़ना अब अपनी बात मनवाने या दबाव बनाने का एक नया मंच बन गया है. युवाओं और परिवारों के बीच संवाद की कमी के चलते भी ये मामले बढ़ रहे हैं.