30,195 वर्ग मीटर और 559 करोड़ रुपये में डील, जापान के एनटीटी ग्लोबल डेटा सेंटर्स ने जीतेंद्र-तुषार से खरीदी संपत्ति
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: January 13, 2026 15:37 IST2026-01-13T15:36:26+5:302026-01-13T15:37:27+5:30
एनटीटी ग्लोबल डेटा सेंटर्स ने बालाजी आईटी पार्क में 30,195 वर्ग मीटर से अधिक जगह 559.24 करोड़ रुपये में तुषार इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड से खरीदी है।

file photo
मुंबईः अभिनेता जीतेंद्र और उनके बेटे तुषार कपूर ने मुंबई के उपनगर में स्थित एक व्यावसायिक संपत्ति को जापान के एनटीटी समूह की एक इकाई को 559 करोड़ रुपये में बेच दिया है। रियल एस्टेट सलाहकार स्क्वायर यार्ड्स द्वारा मंगलवार को साझा किए गए पंजीकरण दस्तावेजों के अनुसार, एनटीटी ग्लोबल डेटा सेंटर्स ने बालाजी आईटी पार्क में 30,195 वर्ग मीटर से अधिक जगह 559.24 करोड़ रुपये में तुषार इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड से खरीदी है। तुषार इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड का स्वामित्व तुषार कपूर तथा जीतेंद्र के पास है।
पंजीकरण नौ जनवरी को किया गया था। दस्तावेजों के अनुसार, इसमें उपनगरीय चांदिवली में स्थित आईटी पार्क में एक डेटा सेंटर वाली ग्राउंड सहित 10 मंजिला इमारत ‘डीसी-10’ और साथ ही उससे सटे हुए चार मंजिला ‘डीजल जनरेटर’ ढांचे की खरीद शामिल है।
सरकार के 2024 के प्रस्ताव के अनुसार, इस बिक्री पर कोई स्टांप शुल्क नहीं देना होगा। 5.59 लाख रुपये का मेट्रो उपकर अदा किया जा चुका है। सलाहकार ने बताया कि पिछले साल मई 2025 में एक 855 करोड़ रुपये का सौदा भी पंजीकृत किया गया था।