डाक विभाग में पहली बार खुले 14.74 लाख खाते?, बचत खातों, बीमा, सुकन्या, आरडी, खातों में नागपुर की ऐतिहासिक उपलब्धि
By सैयद मोबीन | Updated: April 14, 2026 05:42 IST2026-04-14T05:41:26+5:302026-04-14T05:42:10+5:30
नेट खातों की संख्या 6 लाख 17 हजार 130 हो गई थी. सुकन्या समृद्धि योजना को लेकर भी लोगों का रुझान बढ़ रहा है.

photo-lokmat
नागपुर: डाक विभाग के विदर्भ क्षेत्र में बीते वित्त वर्ष 2025-26 में पहली बार 14 लाख से ज्यादा खाते खोले गए हैं. यह नागपुर क्षेत्र की ऐतिहासिक उपलब्धि है. खास बात यह है कि इतने खाते खालने में नागपुर क्षेत्र पूरे महाराष्ट्र सर्कल में अव्वल स्थान पर रहा है. वर्ष 2025-26 में 14 लाख 74 हजार 18 खाते खोले गए हैं. वहीं, 4 लाख 30 हजार 440 खाते मैच्युअर हुए. इसलिए नेट खाते 10 लाख 43 हजार 578 हुए. ऐसा नागपुर क्षेत्र में पहली बार हुआ है. वर्ष 2024-25 में 10 लाख 51 हजार 149 खाते खोले गए थे और 4 लाख 34 हजार 19 खाते मैच्युअर हुए थे.
इस तरह नेट खातों की संख्या 6 लाख 17 हजार 130 हो गई थी. सुकन्या समृद्धि योजना को लेकर भी लोगों का रुझान बढ़ रहा है. यही वजह है कि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बीते वर्ष में 66 हजार 447 खाते खोले गए. डाक विभाग के नागपुर क्षेत्र के डाक सेवा निदेशक डॉ. सुधीर जाखेरे ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में हमारे सभी कर्मचारियों व अधिकारियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है.
यही वजह है कि नए खातों के खोलने में हमने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है. खासकर डाक जीवन बीमा (पीएलआई) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) के मामले में अच्छा प्रतिसाद मिला है. इसके अलावा बचत खाते, सुकन्या समृद्धि योजना, सार्वजनिक भविष्य निधि (पीपीएफ), टर्म डिपॉजिट, आरडी, वरिष्ठ नागरिक बचत योजना, किसान विकास पत्र, राष्ट्रीय बचत पत्र आदि योजनाओं के रिकॉर्ड खाते खोले गए हैं.
डॉ. जाखेरे ने नागरिकों से अपनी मेहनत की पूरी कमाई को बाजार के जोखिम के हवाले करने के बजाय उसका एक हिस्सा डाक विभाग की सुरक्षित और गारंटिड रिटर्न देने वाली योजनाओं में निवेश करने की अपील की है. उन्होंने बताया कि डाक जीवन बीमा में निवेश करने पर टैक्स में छूट का लाभ भी मिलता है. असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए यह एक बेहतर और सुरक्षित विकल्प है.
शहरी क्षेत्रों में कोई भी प्रोफेशनल पीएलआई में निवेश कर सकता है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिक आरपीएलआई का लाभ उठा सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में डाक विभाग नई योजनाओं और बेहतर सेवाओं के माध्यम से लोगों तक अपनी पहुंच और मजबूत करेगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक सुरक्षित निवेश की दिशा में आगे बढ़ सकें.