भारतीय तिरंगे वाला ‘दुपट्टा’ ओढ़ी थी भाजपा उम्मीदवार पापिया अधिकारी?, पश्चिम बंगाल तृणमूल छात्र परिषद के उपाध्यक्ष कोहिनूर मजूमदार ने शिकायत दर्ज कराई
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: April 26, 2026 20:55 IST2026-04-26T20:51:49+5:302026-04-26T20:55:49+5:30
Bengal Elections: टीएमसी नेता ने दावा किया कि भाजपा उम्मीदवार को सार्वजनिक रूप से उसी दुपट्टे से अपना चेहरा पोंछते हुए देखा गया।

file photo
कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस ने रविवार को भाजपा उम्मीदवार पापिया अधिकारी के खिलाफ दक्षिण कोलकाता के टॉलीगंज विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। पश्चिम बंगाल तृणमूल छात्र परिषद के उपाध्यक्ष कोहिनूर मजूमदार ने नेताजीनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मजूमदार ने आरोप लगाया कि शनिवार को कोलकाता नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 98 में प्रशांत सुर पार्क के पास घर-घर जाकर प्रचार करते समय भाजपा उम्मीदवार अधिकारी को भारतीय तिरंगे वाला ‘दुपट्टा’ ओढ़े हुए देखा गया। टीएमसी नेता ने दावा किया कि भाजपा उम्मीदवार को सार्वजनिक रूप से उसी दुपट्टे से अपना चेहरा पोंछते हुए देखा गया।
उन्होंने कानून का उल्लंघन बताया तथा पुलिस से उचित कानूनी कार्रवाई करने और शिकायत को प्राथमिकी के रूप में दर्ज करने का आग्रह किया। इन आरोपों पर अधिकारी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। पुलिस ने कहा कि आरोप की जांच की जा रही है।