बिहार में नरेंद्र मोदी और नीतीश मॉडल ही चलने वाला?, मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी ने किया ऐलान
By एस पी सिन्हा | Updated: April 15, 2026 16:54 IST2026-04-15T16:53:02+5:302026-04-15T16:54:27+5:30
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना होगा।

file photo
पटनाः बिहार के के 24वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने के बाद सम्राट चौधरी पहली बार मीडिया के सामने अपनी बातों को रखा। उन्होंने बिहार के लोगों को भरोसा दिलाया कि जिस रास्ते पर इससे पहले की सरकार चल रही थी ठीक उसी पैटर्न पर नई सरकार भी काम करेगी। सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की समृद्धि के लिए आज मुख्यमंत्री का पद ग्रहण किया हूं।
आज से ही बिहार के लिए काम शुरू कर दिया है। पूरी तरह से निश्चिंत रहिए बिहार में नरेंद्र मोदी और नीतीश मॉडल ही चलने वाला है। सम्राट चौधरी ने कहा कि आज से ही मैंने काम करना शुरू कर दिया हूं, बिहार के लोग पूरी तरह से संतुष्ट रहें। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की पूरी कोशिश की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को भी संदेश दिया कि वे पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ काम करें। सम्राट चौधरी ने भरोसा जताया कि बिहार को विकास के रास्ते पर आगे ले जाने के लिए सभी मिलकर काम करेंगे और जनता का विश्वास बनाए रखेंगे।
वहीं, शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा कि मैं सम्राट चौधरी ईश्वर की शपथ लेता हूं कि...लोकभवन में आज बिहार के मुख्यमंत्री पद का शपथ ग्रहण किया। बिहार की देवतुल्य जनता के विश्वास को सर्वोपरि रखते हुए, विकास और समृद्धि की दिशा में हर कदम समर्पित होगा।
इस नवीन जिम्मेदारी के लिए देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं हमारे माननीय नेता नीतीश कुमार जी, माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जी, माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी एवं समस्त एनडीए नेतृत्व का धन्यवाद-आभार करता हूं एवं सभी के मार्गदर्शन में सशक्त बिहार के निर्माण के लिए संकल्पित हूं।
इससे पहले नीतीश कुमार के ट्वीट का जवाब देते हुए सम्राट चौधरी ने लिखा था कि आदरणीय नीतीश कुमार जी आपके नेतृत्व में बिहार को विकास, सुशासन और स्थिरता की मजबूत नींव मिली है। आपके मार्गदर्शन पर चलते हुए हम इस विरासत को और आगे बढ़ाएंगे। आपकी आत्मीय शुभकामनाओं और विश्वास के लिए हृदय से आभार।
यह दायित्व हम सभी के सामूहिक संकल्प और एनडीए के परिश्रम का परिणाम है। आप सभी के सहयोग और आशीर्वाद से बिहार को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करूंगा। आपका विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा है।