रॉयल एनफील्ड से विधानसभा पहुंचे सीएम देवेंद्र फडणवीस, प्रधानमंत्री मोदी की ईंधन बचत की अपील, कांग्रेस ने कहा- प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र की अवधि समाप्त हो चुकी थी
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: May 14, 2026 19:41 IST2026-05-14T19:41:10+5:302026-05-14T19:41:50+5:30
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर ईंधन और विदेशी मुद्रा बचाने की प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद उठाए गए उपायों के तहत फडणवीस मोटरसाइकिल से विधानसभा पहुंचे थे।

file photo
मुंबई: कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि मितव्ययिता उपाय के तहत मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा जाने के लिए जिस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया उसके प्रदूषण नियंत्रण (पीयूसी) प्रमाणपत्र की अवधि समाप्त हो चुकी थी। पार्टी ने जानना चाहा कि क्या पुलिस फडणवीस के खिलाफ कार्रवाई करेगी। वहीं, सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस आरोप का खंडन करते हुए कहा कि वाहन से संबंधित सभी दस्तावेज सही हैं और उसने इसे विपक्षी दल द्वारा ‘सस्ती लोकप्रियता’ पाने का हथकंडा करार दिया।
— Devendra Fadnavis (@Dev_Fadnavis) May 14, 2026
फडणवीस, विधान परिषद के नए सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए अपने आवास ‘वर्षा’ से मोटरसाइकिल पर दक्षिण मुंबई स्थित विधानसभा पहुंचे। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर ईंधन और विदेशी मुद्रा बचाने की प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद उठाए गए उपायों के तहत फडणवीस मोटरसाइकिल से विधानसभा पहुंचे थे।
On Hon PM @narendramodi Ji’s appeal, here’s my bit towards austerity measures for our Nation 🇮🇳
— Devendra Fadnavis (@Dev_Fadnavis) May 14, 2026
I appeal everyone to please bring lifestyle changes in every possible way. pic.twitter.com/SbsREExpcr
कांग्रेस की मुंबई इकाई की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने जिस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया उसके पीयूसी की अवधि समाप्त हो चुकी थी। उन्होंने पूछा कि क्या क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) और मुंबई यातायात पुलिस इस पर कार्रवाई करेगी।
कांग्रेस विधायक दल के नेता और पूर्व मंत्री विजय वडेट्टीवार ने पूछा, ‘‘प्रचार के चक्कर में मुख्यमंत्री ने बुलेट की सवारी की। लेकिन इस बुलेट के पीयूसी की अवधि समाप्त हो चुकी है। अब क्या सड़कों पर आम लोगों को पकड़ने और जुर्माना लगाने वाली पुलिस मुख्यमंत्री का चालान करेगी?’’
गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की मोटरसाइकिल की सवारी खर्च में कटौती का कोई गंभीर प्रयास नहीं बल्कि महज ‘फोटो खिंचवाने का एक मौका’ था। भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बान ने वर्षा गायकवाड़ की आलोचना का जवाब देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस द्वारा इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल पुलिस विभाग की थी और सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक सावधानियां पहले ही बरती गई थीं।
उन्होंने बताया कि वाहन की सर्विस एक दिन पहले ही करवाई गई थी और आवश्यक पीयूसी प्रमाणपत्र भी पहले ही प्राप्त कर लिया गया था। बान ने आरोप लगाया कि जनसमर्थन खो चुकी कांग्रेस दस्तावेजों से संबंधित तकनीकी मुद्दों को उठाकर ‘सस्ती लोकप्रियता’ हासिल करने की कोशिश कर रही है।