तेहरान में 90 मिनट तक बैठक?, अमेरिका-इजराइल के साथ टकराव के बीच पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के साथ उच्च स्तरीय वार्ता
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: May 18, 2026 05:48 IST2026-05-18T05:47:33+5:302026-05-18T05:48:40+5:30
‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार ने ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी के हवाले से प्रकाशित खबर में कहा कि नकवी ने रविवार को तेहरान में पेजेश्कियान के साथ उच्च स्तरीय वार्ता की।

file photo
इस्लामाबाद:पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने रविवार को तेहरान में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के साथ उच्च स्तरीय वार्ता की, जिसमें क्षेत्रीय सुरक्षा, अमेरिका-इजराइल के साथ पड़ोसी देश के हालिया टकराव और युद्ध-विराम को स्थायी शांति में तब्दील करने के प्रयासों पर ध्यान केंद्रित किया गया। मीडिया में आई एक खबर में यह जानकारी दी गई है। नकवी शनिवार को बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के ईरान पहुंचे। इस यात्रा का मकसद स्पष्ट रूप से वार्ता के जरिये अमेरिका-ईरान युद्ध का समाधान निकालने के प्रयास करना है।
‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार ने ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी के हवाले से प्रकाशित खबर में कहा कि नकवी ने रविवार को तेहरान में पेजेश्कियान के साथ उच्च स्तरीय वार्ता की। खबर में तेहरान स्थित पाकिस्तानी दूतावास के एक बयान के हवाले से कहा गया है कि नकवी ने राष्ट्रपति कार्यालय में ईरानी राष्ट्रपति के साथ लगभग 90 मिनट तक बैठक की।
खबर के मुताबिक, पेजेश्कियान ने अपने-अपने क्षेत्रों को ईरान के खिलाफ सशस्त्र अभियानों में इस्तेमाल नहीं होने देने के लिए पाकिस्तान, अफगानिस्तान और इराक की तारीफ की। खबर के अनुसार, पेजेश्कियान ने कहा कि क्षेत्रीय शांति के लिए इस्लामी देशों के बीच एकजुटता जरूरी है, क्योंकि इससे बाहरी हस्तक्षेप की संभावना कम हो जाती है।