अमरपुर में मकई खेत से अर्धनग्न महिला का शव और दूसरी ओर युवक की गोली मारकर हत्या
By एस पी सिन्हा | Updated: April 27, 2026 17:21 IST2026-04-27T17:19:49+5:302026-04-27T17:21:48+5:30
बांकाः अमरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंची अमरपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन खबर लिखे जाने तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

सांकेतिक फोटो
बांकाः बिहार में अपराधियों का मनोबल टूटने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में बांका जिले से सोमवार सुबह एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। अमरपुर थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से दो शव मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एक ओर जहां मकई के खेत से अर्धनग्न अवस्था में एक महिला का शव बरामद हुआ, वहीं दूसरी ओर सड़क किनारे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, रामपुर मांझी बाजार के पास सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने मकई के खेत में एक महिला का शव देखा।
शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा था, जिससे मामला बेहद संदिग्ध और गंभीर प्रतीत हो रहा है। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद अमरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंची अमरपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन खबर लिखे जाने तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच जारी है। इधर बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में ही डटबाटी गांव के मोड़ पर रविवार देर रात एक अज्ञात युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे युवक का शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही अमरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। युवक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की जेब से एक बड़ा चाकू (डैगर), कई बाइक की चाभियां और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया है।
इससे आशंका जताई जा रही है कि मामला आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की वैज्ञानिक जांच करेगी।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है। अमरपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।