संदेशखलि की रेखा पात्रा और आरजी कर अस्पताल की पीड़िता की मां को चुनाव टिकट देना?, पीएम मोदी बोले-महिलाओं को प्रताड़ित करने वाले गुंडों को पनाह दें रही दीदी?
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: April 26, 2026 17:11 IST2026-04-26T17:10:21+5:302026-04-26T17:11:29+5:30
उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव में ठाकुरनगर स्थित मतुआ समुदाय के गढ़ में एक चुनावी रैली में मोदी ने कहा कि पड़ोसी देश में धार्मिक उत्पीड़न के बाद भारत में शरण लेने वाले सभी शरणार्थियों को संशोधित नागरिकता अधिनियम (सीएए) के तहत निर्धारित प्रक्रियाओं के माध्यम से नागरिकता प्रदान की जाएगी।

file photo
बनगांव: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को तृणमूल कांग्रेस पर “महिलाओं को प्रताड़ित करने वाले गुंडों को पनाह देने” का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा द्वारा संदेशखलि की रेखा पात्रा और आर जी कर अस्पताल की पीड़िता की मां को चुनाव टिकट देना महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव में ठाकुरनगर स्थित मतुआ समुदाय के गढ़ में एक चुनावी रैली में मोदी ने कहा कि पड़ोसी देश में धार्मिक उत्पीड़न के बाद भारत में शरण लेने वाले सभी शरणार्थियों को संशोधित नागरिकता अधिनियम (सीएए) के तहत निर्धारित प्रक्रियाओं के माध्यम से नागरिकता प्रदान की जाएगी।
पहले चरण के चुनावों में 93 प्रतिशत से अधिक रिकॉर्ड मतदान का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, “पहले चरण में तृणमूल कांग्रेस का अहंकार चकनाचूर हो गया, दूसरा चरण राज्य में भाजपा की जीत को पुख्ता करेगा।” प्रधानमंत्री ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के स्वतंत्रता-पूर्व दिये गए नारे ‘तुम मुझे खून दो और मैं तुम्हें आजादी दूंगा’ का जिक्र करते हुए लोगों से भाजपा को वोट देने का आग्रह करते हुए कहा, “और मैं आपको तृणमूल के ‘महा जंगलराज’ से आजादी दूंगा”।
मोदी ने कहा, “तृणमूल कांग्रेस की ‘निर्मम सरकार’ इस राज्य की महिलाओं पर अत्याचार करने वाले गुंडों के साथ खड़ी है। अब समय आ गया है कि हम यह कहें कि हम इसे और बर्दाश्त नहीं करेंगे।” प्रधानमंत्री ने सभी घुसपैठियों को चेतावनी दी कि वे चुनाव के दूसरे चरण के मतदान की तारीख 29 अप्रैल से पहले देश छोड़ दें, अन्यथा “4 मई को परिणाम आने के बाद उन्हें बाहर निकाल दिया जाएगा”।