तो ईरान को दोबारा खड़े होने में 20 साल लगेंगे?, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा-यदि वह अभी पीछे हट जाएं तो...
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: April 15, 2026 11:30 IST2026-04-15T11:29:21+5:302026-04-15T11:30:08+5:30
‘‘मुझे दिशा बदलनी पड़ी, क्योंकि अगर मैं ऐसा नहीं करता, तो आपके पास ऐसा ईरान होता जिसके पास परमाणु हथियार होता। और अगर उनके पास परमाणु हथियार होता, तो आप वहां हर किसी को ‘सर’ कहकर संबोधित कर रहे होते और आप ऐसा नहीं करना चाहेंगे।’’

file photo
वाशिंगटन:अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध ‘‘खत्म होने के करीब’’ है और दावा किया कि यदि वह अभी पीछे हट जाएं, तो ईरान को दोबारा खड़े होने में 20 साल लग जाएंगे।राष्ट्रपति की यह टिप्पणी उस बयान के कुछ घंटों बाद आयी है, जिसमें ‘यूएस सेंट्रल कमांड’ ने कहा था कि नाकेबंदी के पहले 24 घंटों में ईरान के बंदरगाहों और तटीय इलाकों से आने-जाने वाले सभी यातायात को सफलतापूर्वक रोक दिया गया है। साथ ही कहा गया कि अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के लिए नौवहन की स्वतंत्रता का समर्थन कर रहा है।
ट्रंप ने ‘फॉक्स न्यूज’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह लगभग खत्म हो चुका है। मैं इसे लगभग समाप्ति के करीब मानता हूं।’’ यह साक्षात्कार बुधवार को प्रसारित किया जाएगा। ‘मॉर्निंग्स विद मारिया’ कार्यक्रम के लिए यह साक्षात्कार मंगलवार को रिकॉर्ड किया गया था।
ट्रंप ने कहा, ‘‘मुझे दिशा बदलनी पड़ी, क्योंकि अगर मैं ऐसा नहीं करता, तो आपके पास ऐसा ईरान होता जिसके पास परमाणु हथियार होता। और अगर उनके पास परमाणु हथियार होता, तो आप वहां हर किसी को ‘सर’ कहकर संबोधित कर रहे होते और आप ऐसा नहीं करना चाहेंगे।’’
अमेरिका और ईरान के बीच 28 फरवरी से शुरू हुए संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए सप्ताहांत में इस्लामाबाद में हुई ऐतिहासिक लंबी वार्ता के बाद भी कोई समझौता नहीं हो सका। एक अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि ईरान के साथ बातचीत का दूसरा दौर ‘‘अगले दो दिनों में’’ इस्लामाबाद में हो सकता है।
उन्होंने ‘द न्यूयॉर्क पोस्ट’ से कहा, ‘‘आपको वहीं रहना चाहिए, क्योंकि अगले दो दिनों में कुछ हो सकता है और हम वहां जाने के लिए अधिक इच्छुक हैं।’’ ट्रंप ने संभावित दूसरे दौर की बातचीत का श्रेय पाकिस्तानी सेना के चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को देते हुए कहा कि उन्होंने ‘‘बहुत अच्छा काम’’ किया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘इसके होने की संभावना है, आप जानते हैं क्यों? क्योंकि फील्ड मार्शल बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।’’ हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि क्या उपराष्ट्रपति जेडी वेंस उस वार्ता दल का नेतृत्व जारी रखेंगे, जिसमें व्हाइट हाउस के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जैरेड कुशनर शामिल थे।
जब उनसे पूछा गया कि क्या अस्थायी रोक से ईरान समझौता करेगा, तो ट्रंप ने कहा, ‘‘मैं लगातार कहता रहा हूं कि उनके पास परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए। इसलिए मुझे 20 साल वाली बात पसंद नहीं है।’’ उन्होंने कहा, “मैं नहीं चाहता कि ईरान को यह महसूस हो कि उसने कोई जीत हासिल की है।’’