एक अक्टूबर, 2026 से 30 सितंबर, 2031 तक रहेंगे एयरटेल के चेयरमैन?, सुनील भारती मित्तल को निदेशक मंडल ने किया नियुक्त
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: May 13, 2026 22:29 IST2026-05-13T22:26:35+5:302026-05-13T22:29:23+5:30
मित्तल ने 1976 में भारती समूह की स्थापना की थी, जो अब दूरसंचार, अंतरिक्ष संचार, डिजिटल अवसंरचना और वित्तीय सेवाओं सहित कई क्षेत्रों में सक्रिय है।

file photo
नई दिल्लीः दूरसंचार सेवा प्रदाता भारती एयरटेल के संस्थापक सुनील भारती मित्तल को अगले पांच वर्षों के लिए फिर से निदेशक मंडल का चेयरमैन नियुक्त कर दिया गया है। एयरटेल ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि मित्तल का नया कार्यकाल एक अक्टूबर, 2026 से 30 सितंबर, 2031 तक होगा। मानव संसाधन एवं नामांकन समिति की सिफारिश पर निदेशक मंडल ने मित्तल की पुनर्नियुक्ति को मंजूरी दी है, जो सदस्यों की स्वीकृति के अधीन होगी। मित्तल का मौजूदा कार्यकाल 30 सितंबर को समाप्त होने वाला है।
मित्तल ने 1976 में भारती समूह की स्थापना की थी, जो अब दूरसंचार, अंतरिक्ष संचार, डिजिटल अवसंरचना और वित्तीय सेवाओं सहित कई क्षेत्रों में सक्रिय है। इसके अलावा, निदेशक मंडल ने निशाबा गोदरेज को भी स्वतंत्र निदेशक के रूप में दूसरे कार्यकाल के लिए दोबारा नियुक्त करने को मंजूरी दी है। उनका कार्यकाल चार अगस्त, 2026 से तीन अगस्त, 2031 तक होगा।