40 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी, पाकिस्तानी गैंगस्टर शाहजाद भट्टी और डोगर गैंग से जुड़े सोशल मीडिया नेटवर्क की जांच, गोंदिया-चंद्रपुर से युवक अरेस्ट
By फहीम ख़ान | Updated: May 13, 2026 16:59 IST2026-05-13T16:58:48+5:302026-05-13T16:59:37+5:30
नागपुर एटीएस की टीम ने गोंदिया और चंद्रपुर से कुछ युवकों को हिरासत में लिया है. गहन पूछताछ की जा रही है.

file photo
नागपुर: पाकिस्तान से संचालित होने वाले गैंगस्टर नेटवर्क और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को प्रभावित करने की कोशिशों के खिलाफ महाराष्ट्र एटीएस ने बड़ा अभियान चलाया है. बुधवार सुबह राज्यभर में 40 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की गई. इस कार्रवाई में नागपुर एटीएस की टीम ने गोंदिया और चंद्रपुर से कुछ युवकों को हिरासत में लिया है. उनसे फिलहाल गहन पूछताछ की जा रही है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई पाकिस्तानी गैंगस्टर शाहजाद भट्टी और डोगर गैंग से जुड़े सोशल मीडिया नेटवर्क की जांच के तहत की गई. एटीएस को इनपुट मिला था कि महाराष्ट्र के कुछ युवक सोशल मीडिया के माध्यम से इन गैंगस्टरों से जुड़े लोगों के संपर्क में थे या उन्हें फॉलो कर रहे थे.
गोंदिया में एक मोबाइल दुकान में काम करने वाले युवक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि संबंधित युवक केवल सोशल मीडिया पर इन गैंगस्टरों को फॉलो कर रहे थे या उनके साथ सीधे संवाद और अन्य गतिविधियों में भी शामिल थे.
सूत्रों का कहना है कि विदेश में बैठकर अपना नेटवर्क चलाने वाला शाहजाद भट्टी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए भारत के युवाओं को प्रभावित करने और उन्हें देशविरोधी गतिविधियों की ओर आकर्षित करने की कोशिश कर रहा था. इसी इनपुट के आधार पर एटीएस ने समन्वित कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की. फिलहाल एटीएस की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.