सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता दिवाकर शर्मा को बंधक बनाकर दीं यातनाएं, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष बलराज चौधरी, पत्नी और पुत्र सहित कुल 44 लोग हिरासत में, बड़ी संख्या में लाठी-डण्डे बरामद
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: May 11, 2026 14:18 IST2026-05-11T14:17:02+5:302026-05-11T14:18:10+5:30
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच में पता लगा है कि अधिवक्ता दिवाकर शर्मा का छाता मार्ग पर एक पेट्रोल पम्प है और उसके पीछे पूर्व चेयरमैन बलराज चौधरी का आवास है।

file photo
मथुराः मथुरा जिले में उच्चतम न्यायालय के एक अधिवक्ता को बंधक बनाकर यातनाएं देने के आरोप में बरसाना नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष, उसकी पत्नी और बेटे समेत 44 लोगों को हिरासत में लिया गया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सोमवार को बताया कि रविवार की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि उच्चतम न्यायालय में वकालत करने वाले बरसाना निवासी अधिवक्ता दिवाकर शर्मा को अगवा करके बरसाना नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष बलराज चौधरी के घर पर उनसे मारपीट की गई है। उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शर्मा को मुक्त कराया।
आरोपी बलराज चौधरी, उसकी पत्नी तथा पुत्र सहित कुल 44 लोगों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में लाठी-डण्डे बरामद किये हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच में पता लगा है कि अधिवक्ता दिवाकर शर्मा का छाता मार्ग पर एक पेट्रोल पम्प है और उसके पीछे पूर्व चेयरमैन बलराज चौधरी का आवास है।
उन्होंने बताया कि पेट्रोल पम्प के बगल से ही आवास का रास्ता है और इसी रास्ते को लेकर अधिवक्ता एवं पूर्व पंचायत अध्यक्ष के बीच लंबे समय से विवाद है। कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी और जो तथ्य सामने आएंगे उन्हीं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।